गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम और शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने किया। ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर कथित कार्रवाई, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी, किसानों को डीएपी खाद की कमी, स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बढ़ते आर्थिक बोझ तथा धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया गया।
सभा को संबोधित करते हुए सुनील राम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों, किसानों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन सरकार विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि प्रदेश का किसान, युवा और आम जनता सरकार की नीतियों से परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने गिरफ्तार छात्रों की रिहाई, किसानों को पर्याप्त डीएपी खाद उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन में जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुसाफिर बिंद, चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, दिनेश चंद्र पांडे, सुमन चौबे, कुसुम तिवारी, उषा चतुर्वेदी, धर्मेंद्र कुमार, प्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।














