गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के आसमानी चक मोहल्ले में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और एलईडी टीवी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई, जब मकान मालिक अंकित गुप्ता परिवार के साथ गांव से लौटकर घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मुख्य गेट और घर के अंदर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे, जबकि अलमारी और लॉकर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने बताया कि परिवार 18 जुलाई को करंडा थाना क्षेत्र के बड़सरा गांव गया था। 20 जुलाई की सुबह घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। चोर नथिया, मांगटीका, तीन अंगूठियां, पायल, कान के झुमके, चांदी का ब्रेसलेट, एक एलईडी टीवी तथा करीब 70 से 80 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आए हैं। शहर कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।














