गाजीपुर – शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई नकबजनी और चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी का सामान और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान दीपक बिंद (22) निवासी कढ़ई भगवानपुर, थाना नंदगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई को शहर कोतवाली क्षेत्र के एक घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर में घुसकर कैमरे, लैपटॉप, जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को दीपक बिंद के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी गई।
शनिवार को महाराजगंज चौकी पुलिस ने भुतहियाताड़ रेलवे अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो कैमरे, एक लैपटॉप, कैमरे की बैटरी, चार्जर, फ्लैश लाइट, सोने-चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि बरामद कैमरे और लैपटॉप क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।














