गाज़ीपुर – डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गाजीपुर जनपद में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज हो गया है। राजस्व गांवों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न तहसीलों में सरकारी भूमि, चकरोड, पोखरी एवं सार्वजनिक रास्तों से अवैध कब्जे हटाए गए। प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश, सीमांकन और पत्थरगड़ी की कार्रवाई करते हुए कई भूखंडों को कब्जामुक्त कराया।
जंगीपुर विधानसभा के ग्राम पीथापुर में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी ने स्थलीय निरीक्षण कर अवैध कब्जा हटवाया। ग्राम परसा में चकरोड से अतिक्रमण हटाया गया, जबकि गहमर, युवराजपुर और मुस्तफाबाद में पत्थरगड़ी का कार्य कराया गया। पीनधरी और चकमीर मोहम्मद उर्फ मीरपुर में धारा 24 के तहत रास्तों और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
इसके अलावा शाहपुर, मूसेपुर और तियारी में सीमांकन एवं पैमाइश की कार्रवाई हुई। सैदपुर तहसील में पोखरी और सोनहरिया गांव से अतिक्रमण हटाया गया। वहीं रामपुर नंदगंज स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल को प्रशासन ने सील कर दिया। विभिन्न गांवों में धारा 67, 116 और 124 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चकरोड निर्माण एवं नाली निर्माण कार्य भी कराया गया।
दो दिवसीय अभियान के दौरान सदर, जमानियां, जखनियां, मुहम्मदाबाद, सेवराई, सैदपुर और कासिमाबाद तहसीलों में कुल सैकड़ों बीघा भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी अथवा किसानों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि संबंधित विभागों को सौंपते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध कब्जेदारी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।














