गुवाहाटी। पूर्वोत्तर की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। हिमंता बिस्वा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाला यह भव्य शपथ ग्रहण समारोह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि असम में बीजेपी-एनडीए के लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का प्रतीक माना जा रहा है।
सुबह 11:40 बजे होने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत देशभर के कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और एनडीए के बड़े नेता शामिल होंगे।
हिमंता के साथ चार मंत्री भी लेंगे शपथ
हिमंता बिस्वा सरमा ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उनके साथ चार नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री – रामेश्वर तेली, असम गण परिषद (AGP) अध्यक्ष अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) विधायक चरण बोरो और वरिष्ठ नेता अजंता नियोग शामिल हैं।
इनमें से अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग पिछली एनडीए सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं, जबकि रामेश्वर तेली ने 2026 चुनाव के जरिए राज्य राजनीति में वापसी की है।
रंजीत दास होंगे विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी घोषणा की कि विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार “एक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम” के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
गुवाहाटी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे, जहां लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिमंता बिस्वा सरमा और बीजेपी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
हिमंता ने X पर पोस्ट कर लिखा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा असम के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी-एनडीए सरकार का गठन हो रहा है।
Assam CM-designate Himanta Biswa Sarma tweets, “Happy to announce that the following four colleagues of mine will take oath as Ministers tomorrow along with me, in the august presence of Hon’ble Prime Minister Shri Narendra Modi Ji – Shri Rameswar Teli Shri Atul Bora Shri Charan… pic.twitter.com/RmmGFZXTi8
— ANI (@ANI) May 11, 2026
समारोह में जुटेंगे देशभर के दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह को एनडीए शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, उद्योगपति, धार्मिक प्रमुख और हजारों बीजेपी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह
सर्बानंद सोनोवाल
शिवराज सिंह चौहान
ललन सिंह
ज्योतिरादित्य सिंधिया
चिराग पासवान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
असम में लगातार तीसरी बार NDA सरकार
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, असम में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार का गठन बीजेपी के लिए पूर्वोत्तर में बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी ने राज्य में संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत की है।
अब सबकी नजर नई सरकार की प्राथमिकताओं, कैबिनेट विस्तार और आगामी विकास एजेंडे पर टिकी हुई है, जिसे हिमंता सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में आगे बढ़ाएगी।














