गाजीपुर – जमानियां क्षेत्र स्थित ताड़ीघाट मल्लाह बस्ती में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय छात्र की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
परिजनों के अनुसार, आकाश गंगबरार क्षेत्र से नाव के जरिए अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बीच नदी में अचानक नाव अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में गिर गया और डूबने लगा।
नदी के आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गंगा में डूबने से किशोर की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजन गहरे सदमे में हैं।














