गाजीपुर । जनपद के गहमर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ कुतुबपुर मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंश लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान पिकअप में तीन गोवंश बरामद किए गए।
मौके से दो आरोपियों—सतेन्द्र यादव (28 वर्ष) निवासी बहोरिक राय पट्टी रेवतीपुर थाना रेवतीपुर और रवि प्रजापति (20 वर्ष) निवासी गहमर चकवा थाना गहमर—को गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में थाना गहमर में मुकदमा संख्या 58/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार शर्मा सहित थाना गहमर पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।














