ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ती जनसमस्याओं और बुनियादी ढांचे की खामियों को लेकर ‘गौतम बुद्ध नगर विकास समिति’ ने सक्रिय पहल करते हुए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखी हैं। समिति के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर टेकजोन-4 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुँचा, जहाँ उन्होंने अधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास किया।
हालांकि अधिकारियों से सीधा संपर्क नहीं हो पाने के कारण समिति ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के नाम एक विस्तृत और बिंदुवार मांगपत्र ईमेल के माध्यम से भेज दिया। इस पत्र में क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
समिति ने विशेष रूप से गौर चौक (चार मूर्ति) पर यातायात अव्यवस्था को बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि निर्माणाधीन अंडरपास के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे रोजाना भारी जाम की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही अवैध टेम्पो स्टैंड यातायात को और अधिक बाधित कर रहे हैं। समिति ने प्राधिकरण से इस परियोजना की स्पष्ट समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इसके अलावा गौर सिटी-1 (ताज हाईवे) और एकमूर्ति छोटी मिल्क के पास ग्रीन बेल्ट की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई गई है। समिति ने बताया कि कई स्थानों पर फेंसिंग टूट चुकी है और लगाए गए पौधे सूख रहे हैं। उन्होंने तत्काल मरम्मत के साथ पौधों के लिए नियमित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर समिति ने तुस्याना क्षेत्र के 6% KP-5 में स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। समिति के अनुसार हाल के दिनों में इस इलाके में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं नई बनी सड़कों पर बने कई स्पीड ब्रेकरों को ‘अवैज्ञानिक’ बताते हुए कहा गया कि इन पर न तो मानक के अनुसार ढलान है और न ही कोई पेंट या मार्किंग, जिससे वाहन चालकों को अचानक खतरे का सामना करना पड़ता है। समिति ने इन्हें मानकों के अनुरूप सुधारने की मांग की है।
पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए समिति ने हिंडन ओवरब्रिज के पास प्लास्टिक कचरे और नदी किनारे अवैध कूड़ा निस्तारण को गंभीर चिंता का विषय बताया। लोहे के पाइपों में फंसी प्लास्टिक पन्नियां और आसपास फैला कचरा न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है बल्कि क्षेत्र की छवि भी खराब करता है। समिति ने तत्काल सफाई और निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त एक मूर्ति से चार मूर्ति तक सर्विस लेन पर बढ़ते अतिक्रमण को भी जाम की मुख्य वजह बताया गया है। साथ ही सेक्टर-10 स्थित हनुमान मंदिर के आसपास रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सड़क और यातायात ढांचे के विस्तार की जरूरत पर जोर दिया गया है।
@rashmip1 ग्रे.नोएडा वेस्ट की समस्याओं को लेकर गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने @OfficialGNIDA को सौंपा मांग पत्र
गौर चौक ट्रैफिक, ग्रीन बेल्ट, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण और पर्यावरण मुद्दों पर उठाई आवाज।
समिति ने कहा—“घोषणाएं नहीं” जमीनी कार्रवाई जरूरी #GreaterNoida #NoidaNews pic.twitter.com/jPfyIdl19d
— PARDAPHAAS NEWS (@pardaphaas) April 2, 2026
समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “ग्रीन बेल्ट का लगातार नष्ट होना और गौर चौक पर नागरिकों का खत्म होता धैर्य प्रशासन के लिए चेतावनी है। अब केवल घोषणाओं से नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।”
समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात कोई विकल्प नहीं बल्कि उनका मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि समिति ने ईमेल के माध्यम से अपनी सभी मांगें स्पष्ट रूप से प्राधिकरण के सामने रख दी हैं और उम्मीद है कि प्रशासन इन्हें प्राथमिकता देगा।
वहीं समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत ने विश्वास जताया कि प्राधिकरण इन गंभीर मुद्दों पर जल्द संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कदम उठाएगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में समिति के अन्य पदाधिकारी और क्षेत्र के जागरूक नागरिक भी उपस्थित रहे।














