गाजीपुर – भुड़कुड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 25 मार्च 2026 को प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह एवं एएनटीएफ टीम के साथ उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने मुखबिर की सूचना पर एसपीबीडी इंटर कॉलेज तिराहे के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान UP32GY1257 नंबर की मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार से 83 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान प्रदीप यादव निवासी आजमगढ़ और अभिषेक सिंह उर्फ गोलू निवासी बलिया के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना भुड़कुड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रदीप यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर गैंगेस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी अभिषेक सिंह पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।














