Monday, February 16, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalबिल राहत योजना का महाकैंप: 80 बकायेदारों ने जमा किए 1.46 लाख,...

बिल राहत योजना का महाकैंप: 80 बकायेदारों ने जमा किए 1.46 लाख, सरचार्ज छूट से मिली राहत

गाजीपुर – महराजगंज क्षेत्र में प्रदेश सरकार की विद्युत बिल राहत योजना के तहत लगाए गए विशेष महाकैंप में बकायेदार उपभोक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 33/11 केवी उपकेंद्र महराजगंज परिसर में आयोजित इस कैंप का संचालन अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह के नेतृत्व में किया गया। अभियान के दौरान करीब 80 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराते हुए कुल 1,46,540 रुपये का बकाया जमा किया, जिससे विभागीय राजस्व में वृद्धि हुई और ग्रामीण उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिली।

कैंप में ग्राम बयपुर, सकरा, हुसैनपुर, घुरन बाजार सहित आसपास के गांवों के लोगों की अच्छी भागीदारी रही। सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ कैंप स्थल पर जुटी रही और मौके पर बिल की गणना कर सरचार्ज छूट का लाभ लेते हुए भुगतान किया गया। विभागीय कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिल रही छूट, किस्तों की सुविधा और बकाया निस्तारण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।

अधिकारियों ने बताया कि यह राहत योजना सीमित अवधि के लिए लागू है। इसके तहत बकाया बिजली बिलों पर लगने वाले सरचार्ज में छूट दी जा रही है। साथ ही धारा 135बी व 138बी के अंतर्गत चल रहे मामलों में भी उपभोक्ताओं को शामिल कर राजस्व निर्धारण राशि पर 40 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिल रहा है।

कैंप के दौरान उपभोक्ताओं को तत्काल रसीदें दी गईं और नियमित बिल भुगतान के लिए प्रेरित किया गया। विभाग ने बकायेदारों से अपील की है कि अंतिम तिथि से पहले बकाया जमा कर योजना का लाभ उठाएं, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। आने वाले दिनों में अन्य गांवों में भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button