गाजीपुर – सिधौना रेलवे हाल्ट पर रविवार की शाम एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता देवव्रत चौबे (65 वर्ष) की मौत हो गई। वह ग्राम गोरखा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के निवासी थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवव्रत चौबे रविवार की शाम वाराणसी जाने के लिए सिधौना रेलवे हाल्ट पर खड़े थे। शाम करीब 7:30 बजे जब औड़िहार से वाराणसी जा रही पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, उसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन के नीचे गिर पड़े और ट्रेन उन्हें लगभग 50 मीटर तक घसीटती चली गई। इस हादसे में उनके दोनों पैर शरीर से अलग हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद बाजारवासियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रेल पटरी से बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। देवव्रत चौबे अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देवव्रत चौबे पार्टी के मजबूत स्तंभ थे और उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की














