गाजीपुर – सैदपुर थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद दूबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और दबिश अभियान चला रहे थे। इसी दौरान न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर राजकुमार, धनंजय यादव, अशोक चौरसिया और शिवसहाय को उनके-अपने घरों से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार वारंटियों में राजकुमार के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज है। धनंजय यादव पर अश्लील हरकत से संबंधित मुकदमा दर्ज है। अशोक चौरसिया के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, लापरवाही से मृत्यु कारित करने तथा इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवसहाय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार वारंटियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।














