Monday, August 31, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGविनीत राय हत्याकांड में शंकर पांडेय के पिता को नहीं मिली ...

विनीत राय हत्याकांड में शंकर पांडेय के पिता को नहीं मिली जमानत

गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में कटरा गैंग के सरगना और मुख्य आरोपी शंकर पांडेय के पिता रविशंकर उर्फ रविशेखर पांडेय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार शाम एडीजे शक्ति सिंह की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष ने जमानत का कड़ा विरोध करते हुए हत्या की साजिश में उनकी भूमिका का हवाला दिया।

अभियोजन की ओर से एडीजीसी अखिलेश सिंह ने अदालत को बताया कि विवेचना के दौरान रविशंकर पांडेय के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं। उन पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। मामले की गंभीरता और जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए अदालत ने जमानत याचिका अस्वीकार कर दी।

विनीत राय की 29 मई की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह बिंदु होटल के मालिक आलोक राय के बेटे थे। बताया गया कि होटल से घर जाते समय बदमाशों ने गेट के पास उन्हें घेरकर गोली मार दी। परिजनों की तहरीर पर शंकर पांडेय, कमलेश चौधरी बिंद, आलोक दुबे और सोनू यादव समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच में पुरानी रंजिश के चलते रेकी के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई। जून के अंतिम सप्ताह में पुलिस ने रविशंकर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद शंकर के भाइयों सुमित पांडेय और सत्यप्रकाश पांडेय उर्फ मुन्नी को भी गिरफ्तार किया गया। 20 अगस्त को इन दोनों समेत तीन आरोपियों की जमानत खारिज हो चुकी है।

मुख्य आरोपी शंकर पांडेय अभी फरार है। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। आलोक दुबे और सोनू यादव भी फरार बताए जा रहे हैं। वहीं आरोपी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button