
गाजीपुर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ मां कामाख्या देवी धाम पर रामनवमी के उपलक्ष्य में रविवार को दशकों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए भव्य चेतक (घुड़दौड़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 31 घुड़सवारों ने भाग लिया, जिसमें से सेमीफाइनल राउंड के बाद 8 घुड़सवारों को फाइनल के लिए चुना गया।

निर्णायक मंडल ने बक्सर के अजय सिंह के घोड़े को प्रथम स्थान, उनके ही दूसरे घोड़े को द्वितीय स्थान और रामनगर के श्री भगवान मुखिया के घोड़े को तृतीय स्थान प्रदान किया। वहीं बिहार के जलदहा निवासी टनमन सिंह को बेस्ट घुड़सवार घोषित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह द्वारा किया गया था, जबकि मुख्य अतिथि आईटीसी के उपप्रबंधक रजनीकांत राय थे। विजेताओं को शील्ड व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मां कामाख्या धाम पर यह घुड़दौड़ प्रतियोगिता सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे आज भी जीवित रखना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यहां लाखों की भीड़ जुटती है, और यह आयोजन मां कामाख्या के आशीर्वाद व क्षेत्र की जनता के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होता है।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में सुधीर सिंह गहमरी, पप्पू राय रेवतीपुर, डॉ. भोला जी गहमर, शिव दयाल उपाध्याय गहमर, नित्यानंद तिवारी बड़ौरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी शौकत अली व संचालन अशोक सिंह और हेराम सिंह ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संतोष कुशवाहा, औरंगजेब खान, दुर्गा चौरसिया, पिंटू उपाध्याय, दिग्विजय सिंह, झुंना उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।