गाजीपुर। नगसर हाल्ट पुलिस ने अपहरण से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अल्पवयस्क बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए घटना का सफल अनावरण किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना नगसर हाल्ट में दर्ज मु0अ0सं0 23/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में तीन अल्पवयस्क बालिकाओं के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। 13 अगस्त को उपनिरीक्षक लालता प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ मामले की जांच और बालिकाओं की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि तीनों अपहृता बालिकाएं नगसर हाल्ट रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से पुलिस ने अभियुक्त ओमकार उर्फ मिथुन पुत्र उमेश राम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले का सफल अनावरण हो गया।
बालिकाओं की बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।














