गाजीपुर – सादात थाना क्षेत्र स्थित मजुई पेट्रोल पंप के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।मृतक की पहचान 25 वर्षीय छोटू राम पुत्र निवासी इकरा, थाना सादात के रूप में हुई है। छोटू राम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और पिछले तीन वर्षों से बिहार में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। दुर्घटना में उनके 50 वर्षीय चाचा सुरेश राम भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जो हिंडालको में कार्यरत हैं।हादसे में दूसरा घायल 30 वर्षीय सूरज बनवासी है, जो मुड़ियारी खेताबपुर, थाना भुड़कुड़ा का निवासी है। सूचना मिलते ही सादात पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।














