गाजीपुर – विकास खंड मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरपुर भॉवरकोल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा। उन्होंने इसे “लखनऊ सचिवालय से भी बेहतर” बताते हुए भवन की गुणवत्ता और संरचना की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा, आवास तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम स्तर पर बेहतर आधारभूत सुविधाओं का विकास आवश्यक है।
उन्होंने ग्राम पंचायत शेरपुर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह भवन जनसहभागिता और सामूहिक प्रयास का श्रेष्ठ उदाहरण है। जिलाधिकारी ने अन्य ग्राम पंचायतों से भी गुणवत्तापूर्ण पंचायत सचिवालय एवं सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सचिवालय की सुविधाओं की जानकारी दी। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने बच्चों को अपने हाथों से मिठाई भी वितरित की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।














