प्रयागराज/फतेहपुर। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) प्रयागराज मंडल की टीम ने सोमवार को फतेहपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग के वरिष्ठ लेखा परीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नई बस्ती चौडाखरे, थाना खागा निवासी अभय प्रताप सिंह ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि बुढवन इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि से प्राप्त धनराशि से कराए गए निर्माण कार्य की ऑडिट रिपोर्ट लगाने के एवज में वरिष्ठ लेखा परीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह ₹1.60 लाख रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एंटी करप्शन संगठन की 13 सदस्यीय टीम ने जाल बिछाया। रविवार दोपहर करीब 1:25 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सामने स्थित समर चाय भंडार, आबूनगर में आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त ₹1 लाख लेते समय रंगेहाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में की गई।
एंटी करप्शन संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज मंडल के हेल्पलाइन नंबर 9454402490 या मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम के 9454402484 पर दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।














