गाजीपुर। जनपद में संचालित 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शैक्षिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लेने के लिए सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने विकासखण्ड के विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पठन-पाठन, छात्राओं की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के साथ बैठकर सहभोज किया तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का प्रत्यक्ष परीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
खण्ड शिक्षा अधिकारियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। वहीं वार्डेन और संबंधित कर्मचारियों को छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा है। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।














