गाजीपुर। नगर पालिका परिषद गाजीपुर क्षेत्र में अवस्थापना विकास निधि (कॉर्पस) के तहत 7 करोड़ 85 लाख 59 हजार रुपये की लागत से सड़कों, नाला और नालियों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में वर्षा ऋतु के कारण निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराना संभव नहीं है। ऐसे में एक अक्टूबर 2026 के बाद ही प्रस्तावित कार्य शुरू किए जा सकेंगे।
नगर पालिका की योजना के अनुसार अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू होने के बाद दिसंबर 2026 तक संबंधित सड़कों का निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे नगर क्षेत्र में सड़क एवं जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
वहीं, वर्षा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से भी सड़कों के मरम्मत एवं निर्माण कार्य एक अक्टूबर के बाद शुरू किए जाएंगे। विभाग द्वारा आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से प्रस्ताव की स्वीकृति मिलने के बाद बजट आवंटित किया जाएगा, जिसके पश्चात अन्य प्रस्तावित निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।














