HomeLocalनहर किनारे युवक की हत्या से सनसनी, गर्दन पर मिले गहरे जख्म

नहर किनारे युवक की हत्या से सनसनी, गर्दन पर मिले गहरे जख्म

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में शुक्रवार देर रात 25 वर्षीय युवक प्रमोद राजभर की हत्या से सनसनी फैल गई। उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर नहर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार प्रमोद शुक्रवार शाम जहूराबाद बाजार सब्जी लेने गया था। रात करीब आठ बजे वह घर लौटा और कुछ देर बाद फिर बाहर चला गया। खाना खाने के समय तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भाई प्रदीप ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। तलाश के दौरान परिजन और ग्रामीण नहर की सड़क की ओर पहुंचे, जहां प्रमोद मृत अवस्था में मिला।

सूचना पर सीओ सुधाकर पांडेय, बरेसर थाना प्रभारी ओमप्रकाश और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हत्या की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और आक्रोश में जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments