गाजीपुर। जनपद में दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से किसानों को चना और सरसों के बीज के मिनीकिट वितरित किए गए। शनिवार को विकासखंड सदर के लगभग 86 किसानों को जिला कृषि अधिकारी के माध्यम से निःशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए गए।उप कृषि निदेशक ने बताया कि सरकार दलहन और तिलहन के उत्पादन में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए जा रहे हैं, ताकि छोटे और मध्यम किसान परंपरागत खेती के साथ दलहनी और तिलहनी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित हों। इससे जनपद में दलहन और तिलहन की खेती का रकबा बढ़ने के साथ ही किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।उन्होंने बताया कि जनपद के सभी बीज गोदामों पर गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर और सरसों के बीज बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद किसान अपने नजदीकी कृषि निवेश केंद्र पर जाकर बीज प्राप्त कर सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से दलहन और तिलहन की खेती अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।















