Saturday, May 9, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalस्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कार्यों में...

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कार्यों में तेजी के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में संचालित स्वच्छता परियोजनाओं एवं बुनियादी ढांचा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) की समीक्षा में बताया गया कि सदर क्षेत्र के रसूलपुर टी शेखपुर में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि रेवतीपुर, मुहम्मदाबाद और सादात में कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालयों की समीक्षा में सामने आया कि 1238 के लक्ष्य के सापेक्ष 1229 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष असंचालित शौचालयों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।

पंचायत भवन निर्माण की समीक्षा में मनिहारी और जमानियां में कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि अहितोली और ईशानपुर में निर्माण कार्य तेज करने को कहा गया। गोवर्धन योजना के तहत बाराचवर ब्लॉक के करीमुद्दीनपुर स्थित बायोगैस प्लांट के हस्तांतरण में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और जल निगम ग्रामीण को एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं पोर्टल पर समय से डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button