गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, चकेरी, ऊपरवार, सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष एवं सीसीटीवी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने छात्रावास भवन का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कुछ कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सभी कक्षों में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य और रुचियों की जानकारी लेते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को स्वयं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने भोजनालय एवं भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने दाल और चावल का स्वयं स्वाद लेकर भोजन की गुणवत्ता जांची। खाद्य सामग्री पर्याप्त एवं व्यवस्थित मिलने पर व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए।
खेल मैदान के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए बैडमिंटन और वॉलीबॉल की व्यवस्था कराने, पैदल भ्रमण के लिए सुविधा विकसित करने तथा मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














