गाज़ीपुर । छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को बिरनो विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता विमल सिंह ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार छठ घाटों और पोखरों के आसपास से गुजर रहे बिजली के तारों तथा खंभों से किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
उन्होंने बताया कि शाम को अर्घ्य देने और सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के समय बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इसके तहत भड़सर के दोनों पोखरों सहित अन्य छठ घाटों पर संबंधित फीडरों की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर छठ घाटों पर लाइनमैन भी तैनात रहेंगे। इस मौके पर बिजलीकर्मी सौरभ यादव, शिकंदर कुमार, विजय यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।















