गाजीपुर – करण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरिया में हुई एक युवती की हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी फैलाने को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार Indian National Congress और Samajwadi Party के मीडिया सेल द्वारा X पर की गई टिप्पणियों से गांव में तनाव का माहौल बन गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को जमानियां धरम्मरपुर पुल के पास एक लड़की का चप्पल, मोबाइल और गमछा मिला था। बाद में उसकी लाश नदी में बरामद हुई। परिजनों की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया। 19 अप्रैल को मृतका के पिता सियाराम की तहरीर पर हत्या का मुकदमा (मु0अ0सं0 52/2026, धारा 103(1) BNS) दर्ज किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी हरिओम पांडेय को बड़सरा बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
इसी बीच, पुलिस का आरोप है कि दोनों राजनीतिक संगठनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स से घटना को लेकर गलत और भ्रामक टिप्पणियां की गईं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका बनी। इस पर थाना करण्डा में कांग्रेस के खिलाफ मु0अ0सं0 60/2026 और सपा मीडिया सेल के खिलाफ मु0अ0सं0 61/2026 (धारा 353(2) BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।














