
नई दिल्ली: विदेशों से कौन क्या लेकर आ रहा है, यह कहना मुश्किल है। इसी वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर अब तलाशी कड़ी कर दी गई है। तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा अधिकारी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहले से ज्यादा सतर्क हो गए हैं। विदेशों से आने वाले यात्रियों पर कस्टम अधिकारी कड़ी नजर रखते हैं। इसका परिणाम यह है कि आए दिन आईजीआई एयरपोर्ट पर कभी सोना तो कभी ड्रग्स की खेप बरामद होती रहती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ जिसने कस्टम अधिकारियों को चौका दिया। आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है।
तस्करी का मामला
दरअसल, कस्टम अधिकारियों ने कैमरून के एक व्यक्ति को 22 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन की तस्करी के आरोप में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। आरोपी शुक्रवार को अदीस अबाबा (इथियोपिया) से दिल्ली आया था, और उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक लिया गया। उसकी तलाशी ली गई और तब जाकर उसके मंसूबे का पता चला।
तलाशी में क्या मिला?
सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, इथियोपिया से आए यात्री पर अफसरों को शक हुआ। उसे सुरक्षा जांच के लिए बुलाया गया और अधिकारियों ने उसे ‘हैंड्स अप’ करने को कहा। इसके बाद उसकी अच्छी तरह से तलाशी ली गई। उसके सामान की भी तलाशी ली गई। इस दौरान 70 कैप्सूल बरामद किए गए जिनमें सफेद रंग का पाउडर जैसा पदार्थ था। कैप्सूल में 1,472.5 ग्राम सफेद पाउडर जैसा पदार्थ मिला, जिसे कोकीन होने का संदेह था। जैसे ही शख्स के पास से ये चीजें बरामद हुईं, अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया कि ये कैप्सूल उसके शरीर के किस हिस्से से मिले थे।
कोकीन की कीमत
उस यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से मिले सभी मादक पदार्थ जब्त कर लिए गए। सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि जांच में पुष्टि हुई है कि यह पदार्थ कोकीन है जिसकी कीमत 22.09 करोड़ रुपये है। यह पहला मामला नहीं है जब ड्रग्स के कैप्सूल बरामद किए गए हैं। कुछ दिन पहले ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया था जिसके पास से 2 किलो एम्फैटेमिन पाया गया था।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।