गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान 16 किलो अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर अपनी टीम के साथ ग्राम असांव स्थित बाबा मंदिर के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मृत्युंजय राय (30) पुत्र सच्चिदानंद राय निवासी फातिमा विद्यालय के पास, ग्राम सिउरा, बहादुरगंज, थाना कासिमाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से आठ बंडल अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 16 किलोग्राम है। इसके अलावा वीवो और आईफोन मोबाइल तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना नगसर हाल्ट में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में कासिमाबाद थाने में एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट और अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर और उनके हमराही पुलिसकर्मी शामिल रहे।















