मऊ। दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद मोहल्ले में सोमवार को छत पर टेंट लगाते समय हाइटेंशन तार की चपेट में आने से दूल्हे के भाई समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, इस्लामाबाद मोहल्ला निवासी अबुल हसन के बेटे का विवाह सोमवार की सुबह मोहल्ले के ही समसुद्दीन की बेटी के साथ हुआ था। रात में दावत-ए-वलीमा की तैयारी चल रही थी। इसी सिलसिले में सोमवार को दिन में करीब ढाई बजे दूल्हे का भाई 23 वर्षीय महमूद और टेंट लगाने वाले जफर नगर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय कमिल तथा 21 वर्षीय इरफान छत पर टेंट लगा रहे थे। इसी दौरान छत के बगल से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में टेंट की लोहे की पाइप आ गई। इससे तीनों युवक करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा देखकर मकान के बाहर मौजूद लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ और दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को छत से नीचे उतारा और जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।















