गाजीपुर। नोनहरा थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के खातों में कुल 7366 रुपये की धनराशि वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुसल्लहपुर निवासी विजय बिंद पुत्र रुदल बिंद के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 3566 रुपये की रकम निकाल ली गई थी। इसी तरह ग्राम बौरी निवासी अजीत चौहान पुत्र छोटेलाल चौहान के साथ भी ऑनलाइन फ्रॉड कर 3800 रुपये की धनराशि ठग ली गई थी। दोनों पीड़ितों ने घटना की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन धोखाधड़ी में गई रकम वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस ने शिकायतों पर कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की।
साइबर हेल्प डेस्क टीम के संयुक्त प्रयास से MRM पोर्टल के माध्यम से दोनों पीड़ितों के खातों में फ्रॉड की गई कुल 7366 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। टीम में कांस्टेबल शिवम शर्मा, प्रभात कुमार, अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल शालू सरोज शामिल रहीं।















