ग़ाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी राहुल राजभर (39) पुत्र दरस राजभर का शव को एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने करीब 36 घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार की सुबह बरामद कर लिया। बुधवार शाम राहुल ने नियाव मंगई नदी पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे थे।
काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर विशंभरपुर के पास नदी किनारे शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से करीब 36 घंटे बाद युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक के पिता दरस राजभर के प्रार्थना पत्र के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।















