गाजीपुर। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के सभी थानों में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी भी ली गई।
अभियान के दौरान जनपद में कुल 2147 वाहनों को चेक किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 470 वाहनों का चालान किया गया, जबकि आठ वाहनों को सीज किया गया। विशेष रूप से वाहनों में नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 303 वाहनों के शीशों से ब्लैक फिल्म उतरवाई।
पुलिस के अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए जागरूक भी किया गया।
थाना स्तर पर सैदपुर में 63 चालान और दो वाहन सीज किए गए। कासिमाबाद में 37, मरदह में 36, गहमर में 35, भुड़कुड़ा में 30, सादात में 27, नोनहरा में 25, जमानिया में 23, जंगीपुर में 20 और दिलदारनगर में 18 चालान किए गए। रामपुर मांझा में तीन, सुहवल में दो तथा बहरियाबाद में एक वाहन सीज किया गया। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों के पालन को लेकर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।















