गाजीपुर। सैदपुर थाना पुलिस ने भितरी अंडरपास के पास हाईवे से लूट की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक बालिग युवक अखिलेश चौहान निवासी डिहवा, थाना भुड़कुड़ा शामिल है, जबकि दो अन्य किशोर अपचारी हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद प्लेटिना मोटरसाइकिल 21 अगस्त को आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर/करनेहुआ के पास रवि कुमार यादव निवासी भुड़कुड़ा, गाजीपुर को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद छीनी गई थी। मामले में मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में अखिलेश चौहान ने बताया कि एक लड़की से उसके प्रेम संबंध को लेकर गांव के एक युवक द्वारा उसे फंसाने की धमकी दी जा रही थी। इसी युवक को फंसाने के उद्देश्य से साथियों के साथ मोटरसाइकिल लूटने की योजना बनाई गई थी। योजना विफल होने के बाद लूटी गई बाइक को बनारस में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की। सैदपुर थाने में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।














