ग़ाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के बीरबलपुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में 17 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे पारस यादव पुत्र श्रीपत यादव ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि वह अपना खेत जोतने गया था। इसी दौरान विपक्षी रविशंकर पुत्र जगदीश, विनोद पुत्र जगदीश राम, विजयशंकर राम पुत्र सकलदीप राम, रामधनी राम पुत्र खरसेनी राम, शिवधनी राम पुत्र खरसेनी राम, इन्द्रभान कुमार पुत्र प्रसिद्ध नारायण, अनिल कुमार पुत्र रामदेव, अंकित कुमार पुत्र अनोद, रवीन्द्र पुत्र बंगा, मनदेव पुत्र बंगा, प्रसिद्ध नारायण पुत्र सालिग्राम, चन्द्रभान पुत्र प्रसिद्ध नारायण तथा राधिका देवी पत्नी जगदीश राम ने ट्रैक्टर रोककर मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर उपनिरीक्षक सुनील कुमार शुक्ला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, 20 मई 2026 को राजस्व टीम ने श्रीपत यादव को जमीन पर कब्जा दिलाया था। शनिवार को श्रीपत यादव, छांगुर यादव, पारस यादव और कमली यादव खेत की जुताई करने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक दिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी और लाठी-डंडे व लात-घूंसे चलने लगे।
मारपीट में पारस यादव, छांगुर यादव और कमली देवी समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि जमीन विवाद में मारपीट हुई है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हैं। मामले में नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है














