गाजीपुर – जमानियां क्षेत्र की सुजानपुर दलित बस्ती में सोमवार तड़के जर्जर विद्युत केबल की चपेट में आने से 25 वर्षीय जेसीबी चालक सर्वेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, सर्वेश सुबह सरिया लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गली में लंबे समय से लटक रहे जर्जर विद्युत केबल से सरिया का संपर्क हो गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी छोटी बहन सोनी ने भाई को बचाने का प्रयास किया और तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद सर्वेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सर्वेश की चार वर्ष पहले रूनी से शादी हुई थी। परिवार में दो छोटी बेटियां रियांशी और जिया हैं। वह जेसीबी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि चार वर्ष पहले सड़क हादसे में उसके बड़े भाई और छोटी बहन की भी मौत हो चुकी थी। अवर अभियंता आशीष कुमार ने जर्जर विद्युत तारों को जल्द बदलने का आश्वासन दिया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।














