गाजीपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार राम ने की।बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास समरसता, समानता और मानवता के महान संत थे। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को वाराणसी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन का प्रस्ताव है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार राम ने कहा कि जयंती समारोह की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की प्रत्येक विधानसभा से 20-20 बसों के माध्यम से कार्यकर्ता और श्रद्धालु सीर गोवर्धन पहुंचेंगे। साथ ही देशभर से कलश यात्राएं भी जन्मस्थली पर पहुंचेंगी। कार्यक्रम के दौरान संत गुरु रविदास की जन्मभूमि की पावन मिट्टी देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचाई जाएगी।बैठक को जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, राजेश पासवान, पंकज सिंह, पूर्णमासी राम, मारकंडे राम, अमित सिद्धार्थ, देवचंद, बलवंत कुमार, इंद्रजीत प्रधान सहित अनुसूचित मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














