Saturday, July 25, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGडीएम के आदेश के बावजूद सोलर उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाने का...

डीएम के आदेश के बावजूद सोलर उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप,

गाजीपुर।जनपद में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि सोलर सिस्टम लगाने वाले उपभोक्ताओं के यहां भी विभाग द्वारा मैनुअल नेट मीटर के स्थान पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने पूर्व में स्पष्ट रूप से कहा था कि सोलर सिस्टम स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं के यहां मैनुअल नेट मीटर लगाए जाएंगे, ताकि उन्हें सोलर ऊर्जा का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुराने मीटरों के स्थान पर भी फिलहाल मैनुअल मीटर लगाने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद आरोप है कि गाजीपुर नगर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह द्वारा इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप के मुताबिक, रौजा निवासी उपभोक्ता दुर्गविजय सिंह के सोलर सिस्टम पर भी मैनुअल नेट मीटर के बजाय स्मार्ट मीटर लगाने के लिए लिखित आदेश जारी किए गए हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग जिला प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी कर अपनी अलग व्यवस्था लागू कर रहा है।

स्मार्ट मीटर को लेकर पहले से ही उपभोक्ताओं में असंतोष बना हुआ है। कई उपभोक्ता बिलिंग, तकनीकी समस्याओं और अन्य शिकायतों को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में सोलर उपभोक्ताओं के यहां भी स्मार्ट मीटर लगाए जाने के आरोप से विवाद और गहरा सकता है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रशासन अपने आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए क्या कदम उठाता है। साथ ही यह भी देखना होगा कि संबंधित उपभोक्ताओं के यहां जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मैनुअल नेट मीटर लगाए जाएंगे या विभाग की वर्तमान व्यवस्था ही जारी रहेगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button