गाजीपुर – नोनहरा थाना क्षेत्र स्थित इंग्लिशपुर ईंट भट्ठे के पास रविवार सुबह खेत में 60 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, जिसमें मृतका की पहचान उम्मदपुर गांव निवासी सितारा देवी (60), पत्नी दीनाराम के रूप में हुई।
थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि सुबह करीब छह बजे महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।
मृतका के बेटे कृष्णा राम ने बताया कि उनकी मां तीन जुलाई की शाम घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि सितारा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। बड़े बेटे गोविंद राम ने नोनहरा थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतका की पहचान हो चुकी है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।














