गाजीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता ने पति, ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट तथा जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सहित 10 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रीना यादव निवासी मेहरअलीपुर उर्फ भंवरी थाना जंगीपुर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 5 दिसंबर 2023 को बाकरचक निवासी सूरज यादव के साथ हुआ था। विवाह में उसके माता-पिता ने नगदी, जेवर, कपड़े और अन्य सामान दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, जेठ, देवर, ननद और कुछ रिश्तेदार बुलेट मोटरसाइकिल व दो लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
रीना ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसके पिता ने कई बार ससुराल पक्ष से बेटी को ठीक से रखने की गुहार लगाई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके पति ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया, जिससे उसकी तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई और बच्चेदानी में सूजन आ गई।
आरोप है कि बीमारी के दौरान भी उसे भोजन और इलाज नहीं दिया गया। बाद में ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे मायके भेज दिया। इस घटना के बाद उसके पिता मानसिक तनाव में रहने लगे और बीमारी के चलते 15 जुलाई 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
पीड़िता ने बताया कि उसके गहने भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए हैं और अब भी दहेज की मांग कर रहे हैं। मामले में जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास, देवर समेत 10 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।














