गाजीपुर – भांवरकोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर निकलने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक बस शाम 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर भारी जाम लगा था। जाम से बचने के लिए चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने गहरे पानी भरे गड्ढे में चला गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में करीब 24 लोग घायल हुए हैं। वहीं एक यात्री की मौत की सूचना है, जबकि पानी में डूबे एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। घटना के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।














