गाजीपुर – पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद के सर्राफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गाजीपुर शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य रूप से सर्राफा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था, व्यापार संचालन और बदलती वैश्विक परिस्थितियों के प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सोने-चांदी के क्रय-विक्रय, आयात-निर्यात तथा व्यापार से जुड़े तकनीकी और विधिक पहलुओं पर अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में व्यापार को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सर्राफा व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बाजारों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। व्यापारियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में व्यापारियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। व्यापारियों ने भी पुलिस और जिला प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रमुख स्वर्णकार संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारीगण तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














