गाजीपुर – विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं मेगा कैंप के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत वितरण खंड नगर आमघाट के अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से उपभोक्ताओं को 15 मई से 22 मई तक आयोजित होने वाले विशेष मेगा कैंप की जानकारी दी गई।
अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि जनपद के विद्युत वितरण खंड नगर आमघाट सहित चारों खंडों में यह विशेष मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में स्मार्ट मीटर, बिल संशोधन, नाम परिवर्तन, लोड वृद्धि समेत बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर अभी तक प्रीपेड मोड से पोस्टपेड मोड में परिवर्तित नहीं हुए हैं, उनका परिवर्तन कार्य भी कैंप में कराया जाएगा। इसके अलावा प्रीपेड मोड में अधिक बिल बनने की शिकायतों की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी। विभाग की ओर से सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की तैयारी की गई है।
रैली के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की। विभाग के अनुसार कैंप में सब डिवीजन करीमुद्दीनपुर, मोहम्मदाबाद और नगर क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को तत्काल सुविधा मिल सके।
बिजली विभाग की इस पहल को उपभोक्ताओं की सुविधा और विभागीय सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














