HomeCrimeसंदिग्ध मौत पर बवाल: किशोर के शव के साथ हाईवे जाम, हत्या...

संदिग्ध मौत पर बवाल: किशोर के शव के साथ हाईवे जाम, हत्या का आरोप

गाजीपुर – जमानियां कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में 14 वर्षीय किशोर राजू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को भारी हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। यह जाम सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ और कई घंटों तक जारी रहा।

ग्रामीणों ने सड़क पर ईंट-पत्थर और पेड़ों की टहनियां रखकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। मृतक के पिता दिनेश यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले पड़ोसी गांव के दो लोग राजू को अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।

परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह एक निजी एम्बुलेंस से राजू का शव गांव के पास लाकर छोड़ दिया गया, जिसके बाद लोग फरार हो गए। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एम्बुलेंस को पकड़ लिया। मृतक के गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका और गहरा गई है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments