HomeLocalगाजीपुर में सड़कों की बदहाली पर हस्ताक्षर अभियान, अब तक 1600 लोगों...

गाजीपुर में सड़कों की बदहाली पर हस्ताक्षर अभियान, अब तक 1600 लोगों ने दिया समर्थन

गाजीपुर। नगर क्षेत्र को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान को लोगों का जोरदार समर्थन मिल रहा है। अभियान के दूसरे दिन कचहरी क्षेत्र में अधिवक्ता संघ ने भी भाग लेकर इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। अब तक करीब 1600 लोग इस मुहिम में अपने हस्ताक्षर से जुड़ चुके हैं।वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि गाजीपुर नगर की सड़कों की ऐसी बदहाल स्थिति पहले कभी नहीं रही। सीवर का कार्य पूरे एक वर्ष पहले समाप्त हो चुका है, फिर भी आज तक एक भी सड़क का पूरी तरह निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अपने मुकदमे के सिलसिले में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वादी और प्रतिवादी शहर में प्रवेश करते ही सड़कों की दुर्दशा देखकर शासन और प्रशासन को कोसने लगते हैं। यह गाजीपुर नगर के लिए शर्मनाक स्थिति है कि अब गांव की सड़कें शहर से बेहतर नजर आ रही हैं।अभियान के आयोजक विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने बताया कि जब तक दस हजार लोगों के हस्ताक्षर नहीं हो जाते, यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे और उन्हें अपने नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।इस मौके पर अधिवक्ता संघ के सदस्य एडवोकेट बृजेश राय, एडवोकेट रणजीत सिंह, एडवोकेट राजेश राम, एडवोकेट वीरेश सिंह सहित दर्जनों अधिवक्ताओं और नागरिकों — चंद्रिका यादव आदि — ने अभियान में भाग लेकर शहर की सड़कें दुरुस्त कराने की मांग की।यह अभियान अब गाजीपुर में जन आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है, जहां लोग प्रशासन से जल्द सड़कों की मरम्मत और गड्ढा मुक्त शहर बनाने की मांग कर रहे हैं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments