गाजीपुर – ऑडिटोरियम परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार के “नौ निर्माण के नौ दिवस” कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सरस मेला एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। उन्होंने महिलाओं के हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और अन्य उत्पादों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जहां छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत किए गए कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य अतिथि सपना सिंह ने कहा कि यह मेला महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे हैं और उन्हें समाज में नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं का लाभ उठाने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी सुबास चन्द्र सरोज ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।














