जंगीपुर । जंगीपुर कृषि मंडी समिति के नवीन सचिव के रूप में बुधवार को रोहित कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की प्राथमिकता बताई।
बताया गया कि पांच अक्टूबर को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने जंगीपुर नवीन मंडी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिलने के साथ ही नालियों की दुर्व्यवस्था और विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति सामने आई थी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर तत्कालीन मंडी सचिव मुकेश जायसवाल को निलंबित कर दिया गया था।
इसके बाद बुधवार को रोहित कुमार सिंह ने मंडी सचिव का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मंडी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सचिव रोहित कुमार सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार मंडी परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंडी में इलेक्ट्रॉनिक कांटा, टूटी नालियों, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी समस्याओं को लेकर पहले ही शासन को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि धनराशि स्वीकृत होते ही संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।















