
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनके कार्यकर्ताओं की कथित उद्दंडता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर के गंगा तट पर शुद्ध बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा सपा के डीएनए पर सवाल उठाने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर डिप्टी सीएम के दिवंगत माता-पिता के खिलाफ आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियाँ कीं, जो निंदनीय ही नहीं, बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य है।उन्होंने कहा कि यह कृत्य सपा मुखिया अखिलेश यादव के इशारे पर हुआ है, इसलिए उन्हें सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए और भविष्य में ऐसी गलती दोहराने से बचने का आश्वासन देना चाहिए। अन्यथा भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की आईटी सेल और संबंधित कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे तथा मानहानि का मुकदमा भी करेंगे।विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता से आठ वर्षों से बाहर रहने के कारण संयम खो चुकी है और जगह-जगह कानून हाथ में ले रही है। योगी आदित्यनाथ जैसे ईमानदार और सशक्त नेतृत्व में भाजपा सरकार ऐसे अपराधियों को खोज निकालने में सक्षम है।यज्ञ का आयोजन कर्मकांडी विद्वान घनश्याम पाण्डेय के वैदिक विधि विधान से कराया गया। इस अवसर पर श्यामबली मधेशिया, रुद्रामणि त्रिपाठी, पिंटू कुशवाहा, सरवन गुप्ता, चन्द्रभूषण तिवारी, कामाख्या शाहू, महेंद्र कुशवाहा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।