गाजीपुर – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बड़ी संख्या में किसानों की किस्त विभिन्न अभिलेखीय कमियों के कारण रोक दी गई है। कृषि विभाग के अनुसार करीब 52,170 किसान परिवारों की जानकारी भारत सरकार के पोर्टल पर अपूर्ण पाई गई है, जिससे उनके खातों में भेजी जाने वाली वार्षिक 6,000 रुपये की सहायता राशि अटक गई है। यह राशि तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में भेजी जाती है।
विभागीय जांच में सामने आया कि 38,422 किसानों ने वरासत में मिली जमीन के पुराने भू-स्वामी का सही विवरण पंजीकरण के दौरान दर्ज नहीं किया। वहीं 7,321 मामलों में एक ही जमीन पर पूर्व और वर्तमान भू-स्वामी दोनों का नाम दर्ज मिला। इसके अलावा 6,427 किसानों को एक फरवरी 2019 के बाद जमीन वरासत के अलावा अन्य माध्यमों से प्राप्त हुई, जिससे वे योजना की पात्रता की शर्तों पर खरे नहीं उतर रहे हैं।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से जल्द से जल्द अपनी जानकारी अपडेट कराने की अपील की है। किसान नजदीकी जन सेवा केंद्र या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर सकते हैं। इसके बाद आधिकारिक पोर्टल PM-Kisan Portal� पर जाकर “Update Missing Information” विकल्प के जरिए आवश्यक विवरण अपडेट करना होगा।
सत्यापन के लिए किसानों को तहसील कार्यालय में पति-पत्नी के आधार कार्ड की छायाप्रति, वर्तमान खतौनी की प्रमाणित प्रति तथा वरासत से मिली जमीन के मामले में मृतक के आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रतियां जमा करनी होंगी। विभाग ने 20 मई 2026 तक सभी जरूरी दस्तावेज और सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद लंबित मामलों को पोर्टल से हटाया जा सकता है।














