Tuesday, May 26, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeएकतरफा प्यार बना खूनी सनक का कारण! मां की हत्या के बाद...

एकतरफा प्यार बना खूनी सनक का कारण! मां की हत्या के बाद खाटू श्याम भागा आरोपी, नोएडा लौटते ही पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया

“25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल, हत्या में इस्तेमाल छूरा, अवैध तमंचा और चोरी की स्कूटी बरामद

नोएडा/पर्दाफाश न्यूज़: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के थाना फेस-1 क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग में खूनी वारदात को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान हरनाम सिंह पुत्र माखन लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली जिले के थाना भूता क्षेत्र के ग्राम मगरासा का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के हरौला गांव में रह रहा था।

पुलिस जांच के मुताबिक मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। बताया गया है कि हरौला गांव में किराए पर रहने वाले सुरेंद्र शर्मा की बेटी से आरोपी हरनाम सिंह प्रेम करता था और उसने शादी का प्रस्ताव भी रखा था। हालांकि परिवार ने यह रिश्ता स्वीकार नहीं किया, जिससे आरोपी लगातार नाराज चल रहा था।

इसी नाराजगी और बदले की भावना में आरोपी ने 23/24 मई 2026 की रात उस वक्त खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जब सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी (40 वर्ष) और उनकी दो बेटियां घर की छत पर सो रही थीं। आरोप है कि हरनाम सिंह ने धारदार छूरे से परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान संजू देवी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती कराए गए।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना फेस-1 पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया और आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के बाद आरोपी राजस्थान भाग गया था और वहां खाटू श्याम मंदिर पहुंचा था। पुलिस सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचनाओं के जरिए लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

25 मई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी हरनाम सिंह के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार छूरा (आलाकत्ल), .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

नोएडा जोन की अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) मनीषा सिंह ने बताया कि घटना बेहद गंभीर और संवेदनशील थी, जिसके चलते आरोपी की गिरफ्तारी को प्राथमिकता पर लिया गया था। पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई पूरी कर रही है।

पर्दाफाश न्यूज़ इस सनसनीखेज मामले से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पर नजर बनाए हुए है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button