गाजीपुर (जखनियां)। जखनियां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अंबेडकर मोड़ स्थित विधायक बेदी राम के कैंप कार्यालय पर रविवार को एक भव्य सदस्यता समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुषों ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए सदस्यों ने पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक बेदी राम ने अपने संबोधन में कहा, “सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी वह ताकत बन चुकी है, जिसके बल पर प्रदेश ही नहीं, देश की सरकारें बन सकती हैं। पार्टी का जनाधार निरंतर बढ़ रहा है और हर वर्ग के लोग इससे जुड़ना चाह रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने जातिगत जनगणना को लेकर जो आंदोलन खड़ा किया, उसने न सिर्फ प्रदेश बल्कि केंद्र सरकार को भी इस दिशा में सोचने को मजबूर कर दिया है। पार्टी सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के लिए संकल्पबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों को पीले रंग का पारंपरिक ‘सफा’ पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बलिराज राजभर, प्रदेश महासचिव पंकज दुबे, विधानसभा अध्यक्ष गुड्डू राजभर, ब्लॉक अध्यक्ष सागर राजभर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा नेता बलवंत सागर और विधायक प्रतिनिधि अरविंद कुमार ने किया।
इस आयोजन में संगठन विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई। चिंता देवी को महिला प्रकोष्ठ की विधानसभा अध्यक्ष, संगीता देवी को महामंत्री, प्रीति देवी को सादात ब्लॉक महिला मोर्चा अध्यक्ष, आशीष कुमार को अनुसूचित मोर्चा विधानसभा अध्यक्ष और अजय कुमार को महामंत्री नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में हरदेव राजभर, केदार राजभर, अवधेश राजभर, रमेश राजभर, शुभम मिश्रा, पारस राजभर, महेंद्र राजभर, शिवकुमार राजभर, नीरज कुमार, मंटू राजभर, नंदलाल गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।